हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के 51 साल के इतिहास में पहली बार छात्रसंघ चुनाव में सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गए हैं। एक अक्तूबर को मतदान तिथि के दिन नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशियों ने ही नामांकन कराया था। अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने से अब सभी पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों ने परचम लहराया है।
एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में छात्रसंघ चुनाव के लिए आज नामांकन वापस लेने और नामांकन पत्रों की जांच की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। परिसर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. डीके शर्मा ने बताया कि बीते दिन अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराए थे, जिसमें एलएलबी के छात्र मोहित का नामांकन वैध नहीं पाया गया। उनका शपथ पत्र सही नहीं होनेे के कारण नामांकन रद्द हो गया था। इससे अध्यक्ष पद पर आदित्य रतूड़ी का निर्विरोध चुना जाना तय है।
उपाध्यक्ष पद पर विपिन सिंह नेगी, सचिव पद पर अमन सजवाण, सह सचिव पद पर धीरज चंद्रपाल, कोषाध्यक्ष पद पर मृदुल मखलोगा, आरक्षित छात्रा प्रतिनिधि के लिए स्नेहा पुंडीर, कार्यकारिणी सदस्य के लिए ललित प्रताप सिंह और विवि प्रतिनिधि पद के लिए उज्जवल उनियाल के एक-एक ही नामांकन हुए थे। सभी का निर्विरोध बनना तय था। बताया कि अब चुनाव औपचारिकता मात्र है।
Uttarakhand Weather: भारी बारिश...टिहरी, चमोली में नदियों का जलस्तर बढ़ा, बदरीनाथ हाईवे चटवापीपल में बंद
एक अक्तूबर को चुनाव तिथि के दिन पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. केसी पेटवाल, डॉ. रविंद्र सिंह, छात्र अधिष्ठाता प्रो. मनमोहन सिंह नेगी मौजूद रहे। इधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री कैलाश बिष्ट, भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, अभाविप के जिला संयोजक अंशुल भंडारी, गौतम मखलोगा, निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक गुनसोला, नीतीश कोठारी, सुमित बिष्ट, राजन सजवाण, सोनल रावत, नम्रता मखलोगा ने निर्विरोध जीत पर सभी को बधाई दी है।
1973 में हुई थी एसआरटी परिसर की स्थापना
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर की स्थापना 1973 में पुरानी टिहरी में हुई थी। पुरानी टिहरी झील में जलमग्न होने पर वर्ष 2000 में परिसर को बादशाहीथौल शिफ्ट कर दिया गया था। परिसर के निदेशक प्रो. एए बौड़ाई ने बताया कि परिसर स्थापना के 51 वर्ष के इतिहास में पहली बार संपूर्ण छात्रसंघ निर्विरोध चुना गया है। उन्होंने निर्विरोध निर्वाचन होने पर शिक्षकों, छात्र-छात्राओं को बधाई दी है।