नैनबाग (टिहरी)। क्षेत्र में हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 707 त्यूणी-मलेथा पर कैंपटी टोल के समीप मलबा आने से राजमार्ग बंद हो गया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने के तीन घंटे बाद राजमार्ग पर सुबह नौ बजे यातायात शुरू हो पाया। राजमार्ग बाधित होने से कैंपटी क्षेत्र में दूध और सब्जी आदि सामान की सप्लाई देर से हुई।
सिया ग्राम पंचायत के प्रधान बिजेंद्र पंवार ने बताया नैनबाग क्षेत्र में बुधवार देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे भारी बारिश के कारण हाईवे पर कैंपटी टोल से 200 मीटर पहले पहाड़ी से मलबा गिरने से सड़क बाधित हो गई। मलबा गिरने से राजमार्ग के दोनों ओर वाहनोें की लंबी कतार लग गई, जिसमें पर्यटकों के साथ स्थानीय निवासी भी फंस गए।
ग्राम प्रधान पंवार ने बताया कि राजमार्ग बंद होने की सूचना एनएच के सहायक अभियंता को दी गई। सुबह छह बजे सड़क बंद होने के बाद सुबह नौ बजे यातायात सुचारू हो पाया। उसके बाद ही कैंपटी क्षेत्र में दूध, सब्जी आदि की सप्लाई हो पाई। बारिश से नैनबाग तहसील के राजकीय प्राथमिक स्कूल म्याणी के रसोईघर की सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
एनएच के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडेय ने बताया कि भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा आने से एनएच बाधित हो गया था। दो जेसीबी मशीनें लगाकर मलबा हटाकर नौ बजे वाहनोें की आवाजाही शुरू करा दी गई। बारिश के कारण मलबा आने से सुवाखोली के पास भी मोटर मार्ग एक घंटे तक बाधित रहा।