सकलाना पट्टी के सत्यों में महाविद्यालय खोलने की मांग जोर पकड़ने लगी है। 2016 में महाविद्यालय की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी थी, लेकिन वित्तीय स्वीकृति नहीं होने से संचालन शुरू नहीं हो पाया। जिससे युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए 50 किमी दूर थत्यूड़, बादशाहीथौल या फिर देहरादून जाना पड़ता है। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सकलाना के सत्यों में महाविद्यालय की वित्तीय स्वीकृति देकर विधिवत कक्षाएं शुरू करने का अनुरोध किया है।
सकलाना पट्टी में 16 ग्राम पंचायतें और 56 राजस्व ग्राम है। क्षेत्र के आसपास पांच इंटर कॉलेज है। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अधिकांश अभिभावक लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए घर दे दूर नहीं भेज पाते हैं। क्षेत्र की जनता की मांग पर वर्ष 2016 में सत्यों महाविद्यालय की प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी, लेकिन वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल पाई। इस संबंध में धनोल्टी विधायक पंवार का कहना है कि पूर्व में भी उन्होंने मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री से सत्यों महाविद्यालय को वित्तीय स्वीकृति देेने की मांग की थी। सकलाना पट्टी के दूरस्थ क्षेत्र में युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय का संचालन करना आवश्यक है।