नई टिहरी के कोटेश्वर पावर पुलिंग स्टेशन में भुगतान की मांग को धरना देते श्रमिक और ठेकेदार।
- फोटो : NEW TEHRI
नरेंद्रनगर ब्लॉक में ग्राम मड़गांव के फफरवाण गांव में ठेकेदारों के साथ श्रमिकों ने भुगतान कराने की मांग को लेकर कोटेश्वर पावर पुलिंग स्टेशन का कार्य ठप करा दिया। धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि वह लंबे समय से कोस्टल कंपनी से भुगतान करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जब तक श्रमिकों, ठेकेदारों, दुकानदारों का पूरा भुगतान नहीं किया जाता है, तब तक पावर प्रोजेक्ट का कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
निर्माणाधीन पावर पुलिंग स्टेशन में धरनास्थल पर हुई सभा में स्थानीय मजदूरों और ठेेकेदारों ने कहा कि वह लंबे समय से कोस्टल कंपनी के अधीन कोटेश्वर पावर प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। ठेकेदार और श्रमिक एक साल से भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन कंपनी लगातार बहाने बनाकर भुगतान नहीं कर रही है, जिससे ठेकेदार और श्रमिकों के सामने भारी आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने पावर प्रोजेक्ट का कार्य ठप कराते हुए कहा कि अपने भुगतान के लिए ठेकेदारों के साथ ही श्रमिक, राशन दुकानदार, कंपनी कर्मचारी, पानी और अन्य सप्लायर्स कंपनी कार्यालय के चक्कर काटते आ रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन भुगतान करने को तैयार नहीं है।
धरना देने वालों में विनोद चौहान, मुलायम सिंह, उपेंद्र सिंह गुसाईं, भगवती प्रसाद तिवाड़ी, बलवीर रमोला, विक्रम पयाल, केशवानंद जुयाल, प्यार सिंह, प्रताप सिंह, गुलाब सिंह, पुष्पपाल सिंह, मनीष चौहान, महावीर चौहान और आत्माराम आदि शामिल थे। इस बाबत पावर ग्रिड कारपोरेशन के साइट इंचार्ज डीपी सिंह ने कहा कि कारपोरेशन के अधीन काम कर रही कोस्टल कंपनी जब तक श्रमिकों का भुगतान नहीं कर देती है, तब तक कंपनी को फाइनल पेमेंट नहीं दिया जाएगा।