चंबा (टिहरी)। चंबा नगर क्षेत्र के लोगों को बिजली की आंख मिचौनी से राहत नहीं मिल पा रही है। कई दिनों से बिजली सप्लाई बार-बार बाधित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। ऊर्जा निगम की लचर कार्य प्रणाली से स्थानीय लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने ऊर्जा निगम से बिजली कटौती का समय निर्धारित करने की मांग की है।
स्थानीय निवासी कमल मोहन नेगी, विशाल सिंह भंडारी, राजेंद्र नेगी, किशन सिंह भंडारी ने कहा कि बिजली कटौती के लिए दो तीन घंटे का समय निर्धारित होना चाहिए। ताकि लोग समय पर अपना कामकाज संपन्न कर सके। इस बाबत ऊर्जा निगम के एसडीओ अश्विनी कुमार का कहना है कि नगर क्षेत्र में विद्युत पोल और लाइन की मरम्मत संबंधी कार्यों के लिए कई बार शटडाउन लेना पड़ रहा है, जिससे दो-तीन दिन इस तरह की समस्या आई है। बिजली की कटौती नहीं की जा रही है। फेज में दिक्कत आने के कारण बल्ब फ्यूज हुए होगें। संवाद