श्रीदेव सुमन विवि में कार्यरत दो सहायक परीक्षा नियंत्रकों की नियुक्ति प्रक्रिया की जांच के लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। विवि प्रशासन ने कमेटी को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
विवि में चार साल पहले दो सहायक परीक्षा नियंत्रकों की नियुक्ति की गई थी। उसके बाद कई अभ्यर्थियों ने नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया की जांच नहीं कराई गई थी। अब विवि ने नियुक्ति से पूर्व सहायक नियंत्रकों द्वारा जमा कराए गए दस्तावेजों की सत्यता और वैधता जांच के लिए सेवानिवृत्त जज केडी शाही की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने बताया कि विवि की ओर से सहायक परीक्षा नियंत्रकों के दस्तावेजों की सत्यता जानने के लिए जांच कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।