युवा कल्याण विभाग की पहल पर चंबा ब्लॉक की तीन दिवसीय खेल महाकुंभ की क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू हो गई। 400 मीटर दौड़ में विरोगी के आयुष और 100 मीटर दौड़ में पांगरखाल के पीयूष सबसे तेज दौड़े।
श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक डा. धन सिंह नेगी व पालिकाध्यक्ष सुमना रमोला ने किया। बालक वर्ग की 400 मीटर रेस में विरोगी संकुल के आयुष नेगी प्रथम, पांगर संकुल के महेश मिश्रवाण द्वितीय और विरोगी संकुल के केसर सिंह नेगी तृतीय रहे। 100 मीटर दौड़ में पांगरखाल के पीयूष प्रथम, जगधार के राजशेखर द्वितीय और चंबा के सूरज तृतीय रहे। लंबी कूद बालिका वर्ग में दिखोलगांव संकुल की इशिता उनियाल प्रथम, इशा तिवारी द्वितीय व पांगर संकुल की मनीषा तृतीय रही। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह गुसाईं ने बताया कि पहले दिन अंडर-14, दूसरे दिन अंडर-17 और तीसरे और अंतिम दिन अंडर 21 आयु वर्ग के खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 300, द्वितीय को 200 व तृतीय को 150 रुपये की नकद धनराशि, प्रमाणपत्र और मैडल दिया जाएगा। इस मौके पर सभासद शक्ति प्रसाद जोशी, प्रतियोगिता संयोजक यशपाल सिंह रावत, रविंद्र राणा, रजनी मखलोगा, सुरेंद्र कुमार,रणजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।