चारधाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। ताकि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की असुविधा का समाना न करना पड़े। यात्रियों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए वाहनों पर टूरिस्ट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों की लोकेशन पर नजर रखी जा सके। प्रशासन ने 20 अप्रैल तक सभी सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
चारधाम यात्रा को सफल बनाकर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी है। जिला पंचायत ने ऋषिकेश-बदरीनाथ और ऋषिकेश-गंगोत्री पर जिले की सीमा में पड़ने वाले कस्बाई बाजारों में शौचालयों का निर्माण से लेकर मरम्मत, सफाई व्यवस्था के लिए करीब 100 पर्यावरण मित्रों को तैनात किया है। स्वास्थ्य विभाग मुनीकीरेती, व्यासी में मेडिकल रिलिफ टीम तैनात करेगा। साथ ही यात्रा मार्गो के अस्पतालों में एंबुलेंस से लेकर स्टाफ की तैनाती की जा रही है। जल संस्थान पेयजल सुविधा के लिए यात्रा मार्गों पर हैंडपंपों, स्टैंड पोस्टों की मरम्मत, रंगरोगन का कार्य कर रहा है। पुलिस विभाग सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गो पर पुलिस बल, पीएसी, जल पुलिस, टूरिस्ट पुलिस की तैनाती से लेकर कस्बाई बाजार के व्यापारियों के साथ बैठक कर अतिक्रमण से लेकर जाम की समस्याओं को दूर करेगा। यात्रियों की लोकेशन ट्रेस करने लिए यात्री वाहनों पर टूरिस्ट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम को डिवाइस, मुख्य पड़ावों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे चारधाम यात्रा को सफलता पूर्वक संपन्न करवाया जा सके।
चारधाम यात्रा में सुरक्षा से लेकर सुविधाओं के लिए अन्य विभागों से समन्वय बनाया जा रहा है। कस्बाई बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। टूरिस्ट पुलिस के जवानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
-नवनीत सिंह भुल्लर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी।