त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए चलाए गए अभियान के तहत विभाग ने अब तक 155 दुकान और होटल आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान 41 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। कहा गया कि मिलावटी और एक्सपायरी सामान मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने चारधाम मार्ग पर शिवपुरी, मुनिकीरेती, तपोवन, व्यासी, तीनधारा, देवप्रयाग, नैनबाग, चंबा, धनोल्टी, सुवाखोली, नई टिहरी और बौराड़ी बाजार में विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। बीते माह जांच के लिए भेजे गए 37 सैंपल में से 7 नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर एक माह में जवाब देने के लिए कहा गया है। जबकि 6 अन्य दुकानदारों की ओर से नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर मंगलवार को न्याय निर्णायक अधिकारी-एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया गया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि एक्सपायरी डेट का सामान रखने, गंदगी मिलने और कोई भी खाद्य पदार्थ बगैर लाइसेंस बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।