चंबा (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बेतरतीब ढंग से हो रहे ऑल वेदर रोड निर्माण के कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ती जा रही है। मलबे के ढेर साफ न होने से हाईवे पर बार-बार जाम लग रहा है।
ऋषिकेश भद्रकाली से लेकर चंबा नागणी तक हाईवे पर ऑल वेदर रोड कटिंग का कार्य चल रहा है, लेकिन हाईवे किनारे आमसेरा, उपलीखाड़ी, फकोट, आगराखाल, ताछला में बरसात से डंप पड़ी मिट्टी अभी तक पूरी साफ नहीं हो पाई, जिससे सड़क संकरी होने से बार-बार जाम की समस्या पैदा हो रही है। संकरी सड़क पर वाहन आसानी से पास नहीं हो पा रहे हैं। जहां-जहां मिट्टी साफ की जा रही है वहां पर घंटों वाहनों को रोका जा रह है। बार-बार वाहनों के रोके जाने से लोग निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। हाईवे पर उड़ रहे धूल मिट्टी के गुब्बारे भी वाहन चालकों और यात्रियों की मुसीबतें बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय निवासी सिद्धार्थ समीर, उदय सिंह रावत, कुंवर सिंह नेगी का कहना है कि मिट्टी साफ करने से पहले सड़क पर प्रशासन को टैंकरों से पानी का छिड़काव करना चाहिए। सड़क कटिंग और मिट्टी उठान का कार्य दिन के बजाय रात को करना चाहिए। ऐसा करने से हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों को घंटों जाम की समस्या में नहीं जूझना पड़ेगा। इस बाबत एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान का कहना है कि हाईवे पर धूल-मिट्टी वाले स्थानों पर पानी का छिड़काव ठेकेदार करवा रहे हैं, लेकिन कुछ जगहों पर ज्यादा मिट्टी होने से यह समस्या देखने को मिली है। यात्रियों को हो रही परेशानी को ध्यान में रखते हुए ठेकेदारों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे।