नई टिहरी। विजया दशमी का पर्व टिहरी जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। बौराड़ी स्टेडियम में देर शाम को नव युवक अभिनय श्रीराम-कृष्ण लीला समिति की ओर से रावण का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। आतिशबाजी के साथ रावण का पुतला धू-धू कर जला। इस मौके पर रामलीला समिति के संरक्षक उमेश चरण गुसाईं, गिरीश घिल्डियाल, मानवेंद्र रावत, रवि शंकर, अनुज उनियाल, विपिन उनियाल आदि उपस्थित रहे।
राम ने किया रावण का वध
उत्तरकाशी। आजाद मैदान में चल रही रामलीला में शुक्रवार को राम-रावण युद्ध आदि दृश्यों का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के साथ ही रामलीला पंडाल जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो गया। इसके बाद विभीषण का राज्याभिषेक किया गया। बीते रोज रामलीला मंच पर अहिरावण लीला के साथ ही रामी बौराणी गीत नाटिका व पांडव नृत्य का मंचन भी किया गया।
शुक्रवार को रामलीला में राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। रावण के अंत के साथ ही रामलीला पंडाल में दर्शकों ने भगवान राम के जयकारे लगाए। इसके बाद मैदान में सजाए गए रावण, कुंभकरण एवं मेघनाथ के पुतले दहन किए गए। बीते सालों की भांति इस बार भी नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी सुभाष सोनी एवं सचिन सोनी ने पुतलों का निर्माण कराया। पुतला दहन के बाद रामलीला मंच पर विभीषण के राज्याभिषेक व राम, लक्ष्मण एवं सीता के अयोध्या वापसी के दृश्यों का मंचन किया गया।