उत्तराखंड में सियासी महाभारत के बीच ‘अज्ञात वास’ पर निकली बर्खास्त हरीश रावत सरकार इन दिनों हिमाचल के सिरमौर जिले के जमटा में मंथन कर रही है।
नई सरकार बनाने के लिए यहीं से जोड़तोड़ भी चल रहा है। नाहन के समीप जमटा स्थित होटल ग्रेंड व्यू में निवर्तमान सीएम हरीश रावत के साथ आधा दर्जन मंत्री और 19 कांग्रेस विधायक रुके हैं। मेजबान वीरभद्र सरकार है। सभी मेहमानों का खास ख्याल रखा जा रहा है।
कड़ी सुरक्षा के बीच दिन में तफरीह के बाद यहां देर रात तक सरकार बनाने के लिए मंत्रणा हो रही है। होटल में छठी आईआरबी के डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में 24 घंटे हिमाचल पुलिस पहरा दे रही है। किसी को भी भीतर मोबाइल और कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं है।