मांगों को लेकर रुद्रप्रयाग जिला कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता।
- फोटो : RUDRAPRYAG
मानदेय व पुराना भाड़ा भुगतान की मांग को लेकर पर्वतीय सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति ने अन्नोत्सव कार्यक्रम का बहिष्कार किया। साथ ही जिला कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, वे सरकारी कार्यक्रमों का विरोध करेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। वहीं अन्नोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने रुद्रप्रयाग राशन गोदाम में पहुंचे विधायक भरत चौधरी को ग्रेन डीलरों के विरोध का सामना करना पड़ा।
सोमवार को पर्वतीय सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष अंशुल जगवाण की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में सभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने कहा कि वे सम्मानजनक मानदेय की मांग कर रहे हैं। सचिव हर्षवर्द्धन सेमवाल ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं की जाती उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर प्रवीण ममगाईं, विजय कुमार, नीरज नेगी, जगत पंवार, महेंद्र वाजपेयी, सुदर्शन चौहान, दिलबर सिंह, जसोधर सेमवाल आदि मौजूद थे। दूसरी तरफ कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर रौथाण व उक्रांद के जिला प्रवक्ता मोहित डिमरी ने धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रेन डीलरों के आंदोलन को समर्थन दिया।