नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग, संपर्क मार्ग व मंदिर के पहुंच मार्ग पर नालियां बंद होने से बरसाती पानी दुकानों, घरों, खेतों में घुस गया है। बुधवार रात हुई बारिश से बस स्टेशन में 12 से अधिक दुकानों में पानी व मलबा घुस गया। व्यापारियों व स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत व लोनिवि की लापरवाही से यह समस्या हो रही है।
बुधवार देर रात हुई बारिश से बस स्टेशन में उमेंद्र पुष्पवाण, परमानंद नौटियाल, गिरीजा शंकर भट्ट, प्रेम प्रकाश नौटियाल, संदीप, सरिता त्रिवेदी, आशीष पुष्पवाण, सौरभ नौटियाल सहित अन्य की दुकानों में मलबा व पानी घुस गया। दूसरी ओर, लोनिवि कार्यालय के समीप कुंड-ऊखीमठ-मंडल-गोपेश्वर हाईवे की नाली बंद होने से बरसाती पानी जमा होने से तालाब बना हुआ है। स्थानीय मुकेश नेगी व भगवती त्रिवेदी ने बताया कि हाईवे की नाली बंद होने से बरसाती पानी घरों व खेत-खलियानों तक पहुंच रहा है। हालात यह है कि पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर के पैदल पहुंच मार्ग पर भी निकास नाली जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी हैं।
प्रेम सिंह पुष्पवाण, दीपक राणा, दीपा राणा, पूनम त्रिवेदी, शशि देवी का कहना है कि नाली से हो रहे रिसाव से उनके मकानों में सीलन आ रही है। नगर पंचायत के अध्यक्ष विजय राणा ने बताया कि जनहितों को ध्यान में रखते हुए नालियों की साफ-सफाई व मरम्मत प्राथमिकता से की जाएगी। वहीं, लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने बताया कि नगर पंचायत को नालियों के मरम्मत कार्य में सहयोग किया जाएगा।
उधर, गुप्तकाशी में विश्वनाथ मंदिर के पैदल मार्ग पर दो तरफा बिछी पेयजल लाइनों के चलते हल्की बारिश में भी पानी रास्ते में बहने लगता है। बुधवार रात हुई बारिश से मंदिर मार्ग पर पानी बहता रहा।