मुख्य सचिव डा. एसएस संधु ने केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित संस्थाओं के अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी मांगी।
बृहस्पतिवार को केदारनाथ पहुंचे सीएस डा. संधु ने निर्माणाधीन चिकित्सालय, यात्रा कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, संगमघाट, मंदिर समिति का प्रशासनिक भवन, रेन सेल्टर, आस्थापथ सहित अन्य निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। कहा कि जो भी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री को चिह्नित स्थानों पर व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही तीर्थपुरोहितों के लिए बनाए जा रहे आवासीय भवनों का निर्माण प्राथमिकता से करने को कहा और विकास कार्यों को गति देन के लिए अधिकारियों को तीर्थपुरोहितों के साथ आपसी समन्वय बनाने को कहा। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था परखी। इस मौके पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी आयुष अग्रवाल, अपर मुख्य कार्यकारी योगेंद्र सिंह, एसडीएम केएन गोस्वामी, ईई प्रवीण कर्णवाल, ईई संजय सिंह आदि मौजूद थे।
हेमकुंड यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों को दें अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधा
गोपेश्वर। मुख्य सचिव डा. एसएस संधु बदरीनाथ धाम पहुंचे। मुख्य सचिव ने धाम में वाहन पार्किंग की सुविधा और मास्टर प्लान के कार्यों में मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि मास्टर प्लान के अधिकांश कार्य इसी सत्र में पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाएं देने की बात कही।
मुख्य सचिव ने हेमकुंड को जाने वाली गोविंदघाट-पुलना सड़क को 15 जून तक दुरुस्त करने के साथ ही सड़क पर आ रहे पेयजल लाइनों व विद्युत पोल को हटाने के निर्देश जिलास्तरीय अधिकारियों को दिए। मुख्य सचिव ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों को धामों में बिजली, पानी व संचार सेवा दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, डीजीपी अशोक कुमार, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, सीडीओ वरुण चौधरी, एसपी श्वेता चौबे और एसडीएम कुमकुम जोशी के साथ ही कई अधिकारी मौजूद थे। संवाद