जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग से आर्थोपैडिक, जनरल सर्जरी और ईएनटी (नाक, कान व गला) अनुभाग को माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर शिफ्ट करने के विरोध में स्थानीय लोगों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। जिला चिकित्सालय परिसर में धरना देते हुए उन्होंने अस्पताल के महत्वपूर्ण अनुभागों की अन्यत्र शिफ्टिंग को गलत बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद लोगों को खासी दिक्कतें होंगी। इस दौरान आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से भेंट जिला चिकित्सालय के संचालन को पूर्व की भांति यथावत रखने की मांग की।
बृहस्पतिवार को व्यापार एवं उद्योग मंडल के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना व नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन सेमवाल के नेतृत्व में स्थानीय लोग जिला चिकित्सालय परिसर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल से हड्डी रोग अनुभाग, जनरल सर्जरी व ईएनटी को माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर शिफ्ट करने का विरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम मनुज गोयल से भेंट कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। धरना देने वालों में सभासद संतोष रावत, शमशेर सिंह मल्ल, कांता नौटियाल, रामलाल चौधरी, जेएस बिष्ट, केपी ढौंड़ियाल, कमली लाल आदि मौजूद थे। इधर, सीएमएस डा. मनोज बड़ोनी ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशों पर जिला अस्पताल से तीन अनुभाग कोटेश्वर शिफ्ट किए जा रहे हैं। शुक्रवार से इन अनुभागों का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।