तीन दिन से कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे बर्फ से बंद
पर्यटक नहीं पहुंचने से कारोबारी मायूस
ऊखीमठ। कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे बर्फबारी से तीन दिन से बंद पड़ा है, जिससे पर्यटक चोपता नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे कारोबारी मायूस हैं। वहीं बर्फ व पाले के कारण चोपता में पेयजल लाइन में पानी जम गया है, जिससे क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है।
बीते 31 जनवरी से 4 फरवरी के बीच तीन दिन हुई बर्फबारी से दुगलबिट्टा, बनियाकुंड, चोपता से लेकर कांचुला खर्क तक दो से ढाई फीट तक बर्फ गिर गई थी। इससे कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे पवधार से कांचुला खर्क तक लगभग 17 किमी क्षेत्र में बंद हो गया। इससे पर्यटक चोपता नहीं पहुंच पा रहे हैं।
वहीं, स्थानीय टैक्सी-मैक्सी संचालन टायरों पर चेन बांधकर पर्यटकों को पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पाले से बर्फ की सतह कठोर होने से फिसलन हो रही है। इससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। कारोबारी दिनेश बजवाल, संतोष मैठाणी, भूपेंद्र प्रसाद मैठाणी का कहना है कि बर्फबारी के बाद रात को गिर रहे पाले से चोपता क्षेत्र में पेयजल लाइन भी जम गई है। साथ ही दिन में गिनती के पर्यटक ही पहुंच पा रहे हैं, जिससे कारोबार को गति नहीं मिल पा रही है।