जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बांसवाड़ा पुल के मरम्मत कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि डेढ़ माह से अधिक समय के बाद भी पुल की मरम्मत का काम पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने गुणवत्ता के साथ तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सोमवार को डीएम ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा स्थित मोटर पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की मरम्मत की सुस्त गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा मोटर पुल बसुकेदार व केदारघाटी के एक बड़े हिस्से को गौरीकुंड हाईवे से जोड़ता है। डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुल की मरम्मत का काम पूरा नहीं हो पाया है। पुल की मरम्मत के लिए 58 दिन का समय दिया गया था। समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।