जीजा बनकर एक व्यक्ति ने युवती से ऑनलाइन 50 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि युवती के खाते में जमा करा दी है।
युवती पौड़ी में पढ़ाई करती है। उसके मोबाइल पर 30 जुलाई को एक फोन आया कि वह उसका जीजा बोल रहा है। वह उसके खाते में कुछ रुपये भेज रहा है। इसके लिए उससे जानकारी मांगने लगा। इस दौरान युवती ने भी बातों-बातों में फोन पे आया ओटीपी भी साझा कर दिया। कॉल कटते ही कुछ ही देर में युवती के मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से तीन बार 20-20 हजार व 10 हजार रुपये समेत कुल 50 हजार रुपये निकाले गए हैं।
इस पर युवती ने तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल में शिकायत की। मामला, रुद्रप्रयाग जिले का होने पर प्रकरण वहां की साइबर सेल को भेजा गया। यहां, साइबर सेल में तैनात आरक्षी राकेश रावत ने पीड़ित से बातचीत कर पूरी जानकारी जुटाई। साथ ही ऐप के जरिए फोन पे के गेटवे से ऑनलाइन संपर्क किया। इस दौरान पता चला कि युवती के खाते से निकाली गई धनराशि वॉलेट से अन्य खाते में ट्रांसफर नहीं हो पाई है। इसके बाद साइबर सेल ने युवती के बैंक खाते से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और वॉलेट में गए 50 हजार रुपये की धनराशि युवती के खाते में जमा करवा दी।