केदारनाथ में भैरवनाथ मंदिर की 103 घंटिया पुलिस ने गौरीकुंड में एक खच्चर संचालक से बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि इन घंटियों को धाम स्थित भैरवनाथ मंदिर के पास निवास करने वाले शनि महाराज ने भेजी थीं। मामले में पंच, पंडा रुद्रपुर ने सोनप्रयाग थाने में तहरीर दी है। उन्होंने घंटियों की चोरी की आशंका जताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में पंच पंडा रुद्रप्रयाग के सचिव पंकज शुक्ला का कहना है कि 30 जुलाई को गौरीकुंड में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति से पीतल व तांबे की 103 घंटियां बरामद की थीं। वह व्यक्ति केदारनाथ से खच्चर के माध्यम से इन घंटियों को ला रहा था। पूछताछ में खच्चर संचालक ने बताया कि केदारनाथ स्थित भैरवनाथ मंदिर के पास रहने वाले साधु शनि महाराज कई वर्षों से वहां रहे रहे हैं। यहां तक की भैरवनाथ मंदिर की घंटियों को वे अपने आश्रम में भी रखा करते थे लेकिन जिस तरह से साधु शनि महाराज ने बिना किसी से पूछे व बताए भैरवनाथ मंदिर की तांबे व कांसे की 103 घंटियों को खच्चर के माध्यम से नीचे गौरीकुंड भेजा है, वह गंभीर मामला है। इस पूरे प्रकरण में चोरी व तस्करी की संभावना लग रही है, जो जांच का विषय है। पंच पंडा रुद्रपुर के पदाधिकारियों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि भैरवनाथ मंदिर के समीप रहने वाले साधु द्वारा भेजी गई 103 घंटियां, जो तांबे व कांसे की हैं, गौरीकुंड में बरामद की गई है। मामले में चोरी की बात सामने नहीं आई है। तहरीर के आधार पर अन्य संभावनाओं को लेकर पुलिस को जांच के आदेश दे दिए हैं।