लक्सर/सुल्तानपुर। ग्राम समाज की भूमि पर अवैध खनन करने का विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने युवक से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के निहंदपुर सुठारी गांव निवासी आलिम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने भाई आबिद के साथ खेत पर घूमने गया था, जहां पर बाणगंगा नदी के पास ग्राम समाज की भूमि स्थित है। आरोप है कि इस बीच गांव के ही कुछ लोग जेसीबी से ग्राम समाज की भूमि पर खनन कर रहे थे। उसने अवैध खनन करने विरोध किया तो उक्त लोगों ने गाली गलौज करते हुए उससे मारपीट कर दी, जिसमें उसका एक दांत भी टूट गया। आरोप है कि उन्होंने चाकू से भी हमला कर दिया। भाई ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट कर दी गई। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित को परिजनों ने अस्पताल में उपचार दिलाया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर शमीम, नाहिद व शाहरुख और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।