आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने कहा कि अगर प्रदेश में आप की सरकार बनी तो किसानों को उनकी लागत के समानांतर गन्ना मूल्य दिया जाएगा। युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खोले जाएंगे। उन्होंने भाजपा, कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और किसानों से आप का साथ देने की अपील की। कहा कि दिल्ली मॉडल की तर्ज पर उत्तराखंड का भी चहुंमुखी विकास किया जाएगा।
सोमवार को कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने मंगलौर में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा मंगलौर बस स्टैंड से शुरू होकर मोहल्ला मलकपुरा, हैदरी चौक, मुंडलाना रोड, लिब्बरहेड़ी, मंडावली होते हुए गुरुकुल नारसन जाकर समाप्त हुई। इसके बाद नारसन कस्बे के समीप कोठियाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड में युवाओं को पिछले कई वर्षों से रोजगार नहीं मिल पाया है। महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। किसान, मजदूर की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है। कृषि उपकरणों, खाद-बीज और अन्य चीजों पर महंगाई बढ़ती जा रही है। फसलों की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हो रही है। गन्ना किसान को आप उसकी लागत को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष बढ़ाकर समर्थन मूल्य देगी। उत्तराखंड में भी दिल्ली की तर्ज पर विकास करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश को ठगने का काम किया है। आप की ओर से प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रोजगार, बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनता को सुविधाएं देने का कार्य किया जाएगा। किसानों और आम आदमी को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी और शिक्षा पर विशेष ध्यान देकर उच्च स्तर का बनाया जाएगा। मंगलौर प्रभारी नवनीत राठी ने कहा कि आम आदमी पार्टी मजदूर और किसानों की पार्टी है। इस अवसर पर बृजपाल, कृष्णपाल, चंद्रपाल सिंह, धीर सिंह, पहलवान नरेंद्र, हरेंद्र सिंह, बृजवीर, हरपाल सिंह, संजय, सुरेंद्र सिंह, हरवीर सिंह, राजपाल, देवेंद्र, ओमपाल, कपिल, राजेंद्र सिंह, अमजद उस्मानी, दिलशाद अंसारी, सरफराज अहमद, संजय तिवारी, सुशील लोहिया, वाशिल व सौरभ आदि मौजूद रहे।
पसंद है यहां के गुड़ की मिठास
कार्यक्रम के दौरान कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि उन्हें नारसन क्षेत्र में बने गुड़ की मिठास बहुत पसंद है। वह अक्सर यहां का गुड़ खाते हैं। इसके बाद किसानों ने उन्हें गुड़ भेंट किया। कार्यक्रम के बाद कर्नल अजय कोठियाल ने कार्यक्रम स्थल के पास ट्रैक्टर भी चलाया।