रुड़की गंगनहर के बहे युवकों की तलाश करती जल पुलिस व एसडीआरएफ की टीम।
- फोटो : ROORKEE
सहारनपुर से हरिद्वार घूमने जा रहे कुछ युवकों में से दो युवक सेल्फी लेते हुए गंगनहर के तेज बहाव में बह गए। उन्हें बचाने के लिए कूदे एक युवक को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने लापता युवकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
मंगलवार अलसुबह मोहित आहूजा (30), रोहित अहूजा (28) और मोहित सचदेवा (31) निवासी गुरुद्वारा रोड थाना कुतुबशेर जिला सहारनपुर अपने कुछ साथियों के साथ कार से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे वो सोलानी पार्क पहुंचे। वहां गंगनहर किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने लगे। इस दौरान मोहित आहूजा व मोहित सचदेवा का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगनहर में डूबने लगे। साथियों को डूबता देख रोहित आहूजा और अन्य साथियों ने उन्हें बचाने के लिए गंगनहर में छलांग लगा दी लेकिन गंगा का तेज बहाव सभी को बहाते हुए आगे तक ले गया। शोर शराबा सुन राहगीर घटनास्थल के पास पहुंच गए। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर आए कांस्टेबल रघुवीर सिंह को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। राहगीरों की मदद से उन्होंने किसी तरह रस्सी गंगनहर में फेंककर अपनी जान जोखिम में डालकर रोहित आहूजा पुत्र राकेश आहूजा को सकुशल गंगनहर से बाहर निकाल लिया। मोहित आहूजा और मोहित सचदेवा बह गए। जानकारी मिलने पर परिजन आनन-फानन में कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
एसडीआरएफ की टीम भी गंगनहर में तलाशी अभियान के लिए पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने युवकों की तलाश शुरू कर दी लेकिन मंगलवार दोपहर तक युवकों का गंगनहर में कुछ पता अता नहीं चल पाया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मोहित आहूजा पुत्र राकेश आहूजा और मोहित सचदेवा पुत्र देवराज निवासी गुरुद्वारा रोड थाना कुतुबशेर जिला सहारनपुर लापता हो गए हैं। कांस्टेबल रघुवीर सिंह ने अपनी जान पर खेलकर सहारनपुर के रोहित आहूजा को डूबने से बचा लिया। युवकों की तलाश को एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। अभी मामले में कोई शिकायत नहीं आई है।