लक्सर रुड़की मार्ग पर ट्रक की टक्कर से सोलानी नदी में गिरा ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली।
- फोटो : ROORKEE
तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सोलानी नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। इससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक और एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सिविल अस्पताल पहुंचाया। हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लंढौरा से लक्सर की तरफ आ रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली सोलानी पुल पर पहुंची तो पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक ट्रैक्टर को नियंत्रित नहीं कर पाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलिंग तोड़ती हुए पुल से सोलानी नदी में जा गिरी। हादसा होता देख राहगीरों में अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबे नगला इमरती निवासी हिमांशु (18) पुत्र धीर सिंह और चांद (19) पुत्र बाबूराम को बाहर निकाला। दोनों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल चालक जितेंद्र (25) पुत्र जगपाल और रितिक (21) पुत्र मुकेश को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों को देख परिजनों में कोहराम मच गया।
लक्सर कोतली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि हिमांशु और चांद ईंटों से भरी ट्रॉली पर बैठे थे। चालक जितेंद्र के साथ ट्रैक्टर पर रितिक बैठा हुआ था। उन्होंने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। ट्रक चालक तसलीम निवासी भगवानपुर को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
रुड़की-लक्सर मार्ग पर लगा जाम
रुड़की-लक्सर मार्ग पर सोलानी नदी पुल पर भीषण हादसा होने से जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने किसी तरह पुल पर दोनों तरफ से आने वाले वाहनों को अपनी-अपनी साइड में कराकर जाम खुलवाया।
हादसे की सूचना पर पहुंचा भारी पुलिस बल
हादसे की सूचना के बाद परिजन व ग्रामीणों के जाम लगाने और हंगामा करने की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल मौकेे पर पहुंचा। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट, एसएसआई मनोज सिरोला, एसआई लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण, चौकी प्रभारी लंढौरा लोकपाल परमार समेत पुलिस कर्मी मौके पर ही मौजूद रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया।