भगवानपुर थाने में मुर्गे का खून लगाकर पहुंचा युवक।
- फोटो : ROORKEE
पुरानी रंजिश में पड़ोसी युवक को फंसाने के लिए एक युवक सिर पर मुर्गे का खून डालकर थाने पहुंचा। पुलिस ने शक होने पर सिर की जांच की तो कोई घाव नहीं मिला। पुलिस ने युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। झूठी सूचना देने पर पुलिस ने युवक का चालान कर दिया।
भगवानपुर के शाहपुर निवासी दो युवकों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। बृहस्पतिवार को दोनों के बीच पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हो गई। मारपीट के बाद युवक पड़ोसी युवक को फंसाने के लिए सिर और शरीर पर मुर्गे का खून डालकर थाने जा पहुंचा। युवक ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने मारपीट कर सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने शक होने पर युवक के सिर से कपड़ा हटाकर घाव देखे तो कुछ भी नहीं मिला। पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। झूठा आरोप लगाने पर पुलिस ने युवक को जमकर फटकार लगाई। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि झूठी सूचना देने पर रिहान निवासी शाहपुर का चालान कर दिया है।