पार्षद पति पक्ष से बेइज्जती का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके कार्यालय पर फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से एक तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गणेशपुर की पार्षद स्वाति तोमर का दफ्तर है। दफ्तर पर अधिकतर उनके पति कुलदीप तोमर बैठते हैं। 29 अप्रैल को करीब साढ़े तीन बजे एक बाइक पर नकाबपोश दो युवक दफ्तर के बाहर पहुंचे थे और खिड़की पर फायर कर दिया था। छर्रा विनय शर्मा को लगा था और वह घायल हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो दो बाइक सवार कैद हो गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों क्षेत्र में बाइक से घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रहभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि सचिन निवासी गणेशपुर और बंटी उर्फ बादल निवासी शेरपुर खेलमऊ, झबरेड़ा को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सचिन ने बताया कि किसी बात को लेकर उसका पार्षद पति कुलदीप पक्ष से विवाद हो गया था। वारदात से दो दिन पहले विवाद को लेकर कुलदीप पक्ष ने गणेशपुर में ही बुलाया था। बातचीत के दौरान कुलदीप पक्ष ने उसकी बेइज्जती कर दी थी। बेइज्जती की बात उसने बंटी को बताई थी। बंटी ने कुलदीप पक्ष को डराने के लिए फायरिंग करने की बात कही थी। इसके बाद दोनों ने योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों के पास से एक तमंचा बरामद किया है। बाइक की तलाश की जा रही है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।