भगवानपुर थाने में स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन युवकों को दो लाख रुपये की कीमत की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष पीडी भट्ट बुधवार देर शाम पुलिस टीम के साथ भगवानपुर सिकरोढा मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 4.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम तोयब निवासी ग्राम रोलाहेड़ी निवादा, भगवानपुर बताया। वहीं, दूसरी ओर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार सुबह भगवानपुर कलियर मार्ग पर सोलानी नदी के पुल पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी कलियर की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से 14 ग्राम स्मैक बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्मैक के साथ बाइक सवार सलमान व मन्नवर निवासी ग्राम शाहपुर, भगवानपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वह बरेली से एक लाख बीस हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।