नारसन। हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर लगने से बाइक सवार व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला को गंभीर हालत में एम्स रेफर किया गया है।
रुड़की के सुनहरा रोड निवासी चंदकिरण (42) जम्मू में गर्म कपड़ों का कारोबार करते थे, जबकि उनकी पत्नी कविता भाजपा महिला मोर्चा की सोशल मीडिया जिला प्रभारी हैं। मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दंपती बाइक से मुजफ्फरनगर से रुड़की आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक नारसन क्षेत्र के मंडावली के पास पहुंची तो हाईवे किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपती को एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया, यहां डॉक्टर ने चंदकिरण को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए एम्स के लिए रेफर कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।