लक्सर में दशहरा पर्व पर लगने वाले मेले की व्यवस्था का निरीक्षण करते एसडीएम वैभव गुप्ता।
- फोटो : ROORKEE
एसडीएम ने कोतवाल के साथ आज लगने वाले दशहरे के मेले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के मद्देनजर मेला परिसर का निरीक्षण किया। मेले में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए उन्होंने रेलवे अधिकारियों से भी वार्ता की। अधिकारियों ने वाहन पार्किंग के लिए जगह देने पर सहमति जताई है।
शुक्रवार को पुतला दहन से पहले जनपद के अधिकांश स्थानों पर दशहरे के मेला का आयोजन होगा। लक्सर में पिछले साल से नए रामलीला स्थल पर पुतला दहन करने के बाद आर्य समाज रोड पर मेले का आयोजन होता है। बृहस्पतिवार को एसडीएम वैभव गुप्ता और कोतवाल प्रदीप चौहान ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल और व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने पुतला दहन के दौरान अग्निशमन की गाड़ी की व्यवस्था कराने की मांग की है। एसडीएम ने लक्सर फायर स्टेशन प्रभारी महताब अली को मौके पर वाहन और कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए।
वाहनों की पार्किंग के लिए एसडीएम और कोतवाल ने रेलवे बुकिंग विंडो के पास खाली जगह का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार और आरपीएफ प्रभारी सोनी शर्मा से भी इस बाबत बात की। उन्होंने मंडल स्तर के अधिकारियों से बात कर वाहन पार्किंग बनाने पर सहमति जताई है। एसडीएम ने बताया कि मेले में पुलिस के साथ अग्निशमन और राजस्व कर्मचारी तैनात रहेंगे। इस दौरान पवन कपूर, रतेंद्र तिवारी, ललित खन्ना, अंशु अग्रवाल, सचिन मित्तल, प्रमोद सैनी, सुदर्शन कपूर आदि मौजूद थे।