पुत्रवधू के मां न बनने के शक में सास ने गालीगलौज कर सिर पर लोहे के सरिये से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर सास की शिकायत की। पुलिस ने उसकी सास को बुलाकर जमकर फटकार लगाई।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी विवाहिता ने बताया कि करीब एक साल पूर्व उसकी शादी रुड़की के पास एक गांव में हुई थी। शादी के बाद तबीयत खराब होने पर डॉक्टर ने कुछ टेस्ट करवाए थे। पेट में कुछ इंफेक्शन बताया था। इसके बाद ससुराल वालों ने एक परिचित डॉक्टर को रिपोर्ट दिखाई तो उसने बताया कि वह मां नहीं बन सकती है। आरोप है कि मां न बनने के शक में सास ताने मारकर घर से निकालने की धमकी देने लगी। लगातार सास के परेशान करने पर उसने विरोध किया। आरोप है कि इस पर सास ने लोहे के सरिये से सिर पर हमला कर घायल कर दिया। पीड़िता ने डॉक्टर के पास पहुंचकर उपचार करवाया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दीप कुमार ने बताया कि महिला की सास को बुलाकर दोबारा परेशान करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। संवाद
हादसे में सुपरवाइजर घायल
औद्योगिक क्षेत्र में वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हो गया। बहादराबाद निवासी हसन अहमद भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में सुपरवाइजर हैं। बुधवार सुबह वह बाइक से भगवानपुर फैक्टरी जा रहे थे। जैसे ही औद्योगिक क्षेत्र के मार्ग पर पहुंचे तो अचानक एक वाहन ने साइड मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
महिला की मौत में बस चालक पर केस
महिला को कुचलने के मामले में पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक्कड़ खुर्द, थाना पथरी निवासी शमशेर ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पत्नी भूरी के साथ बाइक से मंगलवार को बेलड़ी गांव के पास पहुंचे थे। इस बीच पीछे से उत्तराखंड रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मारी थी और पत्नी को कुचल दिया था। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद