नवनियुक्त तहसीलदार ने अधीनस्थों के साथ बैठक कर पीड़ितों की समस्याओं का हर स्तर पर कम से कम समय में समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तहसील स्तर की किसी भी शिकायत को मुख्यमंत्री के पास पहुंचने से पहले यहीं निपटाया जाए। तहसीलदार ने लंबित मामलों के जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
हाल ही में भगवानपुर तहसीलदार सुशील कुमार सैनी का हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया था। उनके स्थान पर डोईवाला तहसीलदार रेखा आर्य को भगवानपुर भेजा गया है। सोमवार को नवनियुक्त तहसीलदार रेखा आर्य ने लेखपालों और राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि देखने में आता है कि तहसील स्तर पर शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर पीड़ितों को सीएम कार्यालय तक पहुंचना पड़ता है। उन्होंने निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाए। तहसील में लंबित पड़े मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के लिए दो से तीन बार भी तहसील न आना पड़े। इस दौरान उन्होंने भवन स्वामित्व योजना पर भी लेखपालों को काम करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत जिन लोगों को लाभ मिलना है, उनकी लिस्ट तुरंत तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतर देखने में आता है कि अधिकारी खनन कारोबारियों के खिलाफ जो कार्रवाई करते हैं, उसकी रिपोर्ट बनाने में लंबा समय निकल जाता है। अवैध खनन के खिलाफ होने वाली किसी भी कार्रवाई की रिपोर्ट तुरंत बनाकर जमा की जाए। तहसील में आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई सरकारी कागज उन्हें सीधे न दें। बाकायदा सभी दस्तावेज डाक से भेजे जाने चाहिए। इस मौके पर अवनीश कुमार, आके जैन, राजेश कुमार मौजूद रहे।