भगवानपुर में सर्विस मार्ग पर लगा जाम।
- फोटो : ROORKEE
हाईवे के दोनों ओर सर्विस मार्ग पर जाम लगने से तीन घंटे तक वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। जाम खुलने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
कस्बे में रोजाना स्थानीय लोगों को जाम का दंश झेलना पड़ रहा है। बावजूद इसके पुलिस की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। कस्बे में दोनों तरफ सर्विस मार्ग पर अतिक्रमण के चलते बाहर से आने वालों के साथ स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सर्विस मार्ग पर लोगों ने ठेली और रेहड़ी लगा रखी है जबकि कई लोग अपने वाहनों को बेतरतीब खड़े कर चले जाते हैं। ऐसे में सर्विस मार्ग गली में तब्दील हो जाता है जबकि सर्विस मार्ग से भारी वाहन भी गुजरते हैं। रविवार को एक बार फिर चुड़ियाला अंडरपास के पास व गागहलेड़ी सर्विस मार्ग पर सुबह लगभग 11 बजे वाहनों के फंसने से जाम लग गया। जाम लगने से वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी लाइन लग गई। इस बीच लोगों में जल्दी निकलने की होड़ में नोकझोंक होती रही। करीब दो बजे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को सही तरीके से लाइन में कराया। साथ ही रेहड़ी और ठेलियों को हटवाया। इसके बाद जाकर जाम खुल पाया और आवागमन शुरू हुआ। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पुलिस को मौके पर भेजकर जाम खुलवाया गया था। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।