भगवानपुर क्षेत्र में कंपनियों से खाद्य पदार्थों का सेंपल लेने पहुंची विभाग की टीम।
- फोटो : ROORKEE
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम ने तीसरे दिन भी खाद्य सामग्री बनाने वाली तीन कंपनियों पर छापे मारकर पांच सैंपल भरे हैं। साथ ही मौके पर लाइसेंस नहीं दिखाने पर दो कंपनियों को नोटिस भी जारी किया है। नोटिस के बाद भी लाइसेंस नहीं दिखाने पर कंपनियों पर केस दर्ज कराया जाएगा।
फूड कमिश्नर के निर्देश पर हरिद्वार जिले में खाद्य पदार्थों की निर्माण यूनिटों का निरीक्षण करने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला रुद्रपुर के उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठैत के नेतृत्व में टीम दो दिन से लगातार रुड़की और अन्य क्षेत्रों में छापे मार रही है। टीम खाद्य सामग्री बनाने वाली कंपनियों में साफ-सफाई के साथ ही वहां बनाए जा रहे सामान के नमूने लेकर जांच के लिए भेज रही है। इस दौरान कंपनी में खामियां पाए जाने नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। शनिवार को टीम ने भगवानपुर स्थित दो अलग-अलग फ्लोर मिल पर छापे मारे। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई पर ध्यान देने के लिए निर्देश दिए दिए।
इस दौरान फ्लोर मिल मालिक कंपनी का लाइसेंस नहीं दिखा पाए। ऐसे में टीम ने दोनों मिल मालिकों को नोटिस जारी कर लाइसेंस दिखाने के लिए समय दिया है। यदि मिल मालिक निर्धारित समय पर लाइसेंस नहीं दिखा पाया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही मिल से आटे के दो सैंपल लिए। इसके बाद टीम दौलतपुर स्थित वेयर हाउस पहुंची। यहां भी धनिया, मिर्च और हल्दी के सैंपल लिए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पांच सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। अभी तक टीम अभियान के तहत 29 सैंपल ले चुकी है।