मौसम बदलते ही सीजनल बीमारियों की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सिविल अस्ताल में हर दिन 140 से 170 मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। डॉक्टरों का मानना है कि सर्दियां शुरू होते ही इस तरह के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।
दीपावली से पहले जहां मौसम में गुनगुनी ठंडक महसूस की रही थी, वहीं दीपावली के बाद से धीरे-धीरे ठंड बढ़ गई है। दिन के समय तेज और तीखी धूप के कारण लोग गर्म कपड़े पहनने से परहेज कर रहे हैं, जबकि रात में ठंड होने लगी है। यही कारण है कि लोग ठंड की चपेट में आ रहे हैं। खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। सिविल अस्पताल में अधिकतर मरीज बुखार, खांसी, जुकाम व गले में खराश की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। बड़ों के साथ ही बच्चे भी सीजनल बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी अस्पताल में करीब 140 से 170 मरीज खांसी, बुखार और जुकाम के पहुंचे। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया है। ऐसे में थोड़ी भी लापरवाही बरतने पर बीमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। इस समय बड़ों के साथ बच्चों का ध्यान रखना जरूरी है। यदि बच्चे उल्टी करते हैं तो समझ लीजिए कि उन्हें सर्दी लग चुकी है। ऐसे में बच्चों को सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनाना जरूरी है।