ऊर्जा निगम की ओर से सरचार्ज माफी योजना की अवधि तीन महीने बढ़ाने पर अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों के साथ बैठक कर उपभोक्ताओं तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभवत: सरकार ने अंतिम बार सरचार्ज माफी योजना का समय बढ़ाया है। बढ़ाई गई अवधि तक भी बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं की आरसी जारी की जाएगी।
रुड़की क्षेत्र में ऊर्जा निगम के करीब दो लाख 20 हजार उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 30 हजार उपभोक्ता नियमित बिल का भुगतान करते हैं। अधिकतर उपभोक्ताओं पर निगम का बकाया चल रहा है। बकायेदारों के लिए सरकार ने मार्च में सरचार्ज माफी योजना शुरू की थी। हालांकि, मार्च के बाद भी करीब 52 हजार उपभोक्ताओं पर निगम का बकाया था। सरकार ने योजना की तिथि बढ़ाकर 18 मई कर दी थी। इसी बीच कोरोना महामारी के चलते सरचार्ज माफी की योजना की तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। हालांकि, अब भी बड़ी संख्या में बकायेदारों ने बिल जमा नहीं किया। इसे लेकर बृहस्पतिवार को ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता राहुल जैन ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र के बकायेदारों की सूची तैयार करें। इन लोगों से संपर्क कर योजना की जानकारी दें ताकि वे बिल जमा कर सकें। यदि उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किया तो अब उनकी आरसी जारी की जाएगी।