लक्सर कोतवाली में रायसी पुलिस द्वारा पकड़ी गई कच्ची शराब की भट्टी।
- फोटो : ROORKEE
कोतवाली पुलिस ने रायसी चौकी क्षेत्र के प्रतापपुर में छापा मारकर कच्ची शराब की भट्ठी पकड़ी। पुलिस ने यहां से 40 लीटर कच्ची शराब के अलावा 3000 लीटर लाहन एवं भट्टी समेत शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस मौके से फरार चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ में पुलिस जुट गई है।
कोतवाली पुलिस को काफी दिन से सूचना मिल रही थी कि रायसी चौकी क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में बाणगंगा नदी में टापू के बीच चांदवीर, गुड्डूू, सूरजमल और विकास कच्ची शराब बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार रात पुलिस ने बाणगंगा नदी के बीच छापा मारा। वहां पुलिस को अवैध शराब की भट्ठी चलती हुई मिली। पुलिस को देखकर चार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 40 लीटर कच्ची शराब और उपकरण बरामद किए हैं। मौके से पुलिस ने तीन हजार लीटर लाहन भी बरामद की। पुलिस का कहना है कि आरोपी कच्ची शराब निकालकर आसपास के गांव में बेचते हैं। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि दबिश देने वाली टीम में रायसी चौकी प्रभारी विनय मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल अनिल, कांस्टेबल अवनेश, कांस्टेबल नौटियाल, कांस्टेबल पंकज आदि शामिल थे।