मंगलौर क्षेत्र के अकबरपुर ढ़ाढ़ेकी गांव में बारिश के कारण गिरा मकान।
- फोटो : ROORKEE
मंगलौर। हल्की बारिश से ही अकबरपुर गांव में दो मंजिला निर्माणाधीन मकान का एक हिस्सा ढह गया। मलबे के नीचे आने से घर में सो रहे दंपति को मामूली चोट आई है। परिवार के ज्यादातर लोग दूसरे हिस्से में सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा बच गया। पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी से मुआवजा देने की मांग की है।
बृहस्पतिवार देर रात क्षेत्र के अकबरपुर ढाढ़ेकी गांव में नफीस और नसीम का दो मंजिला मकान का एक हिस्सा हल्की बारिश में ढह गया। इस दौरान परिवार के अधिकतर सदस्य घर में सोए हुए थे। मकान ढहने से नसीम और उनकी पत्नी को हल्की चोटें आईं हैं। गनीमत रही कि परिवार के अन्य सदस्य बचे हुए मकान के हिस्से में सोए थे। इससे बड़ा हादसा बच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और परिवार के लोगों को बाहर निकाला। वहीं, शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि कि उनके मकान का अधिकतर हिस्सा जमींदोज होने के कारण लाखों की हानि हुई है। अब वह खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की। एएसडीम पूरण सिंह राणा का कहना है कि संबंधित लेखपाल को जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।