मंगलौर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी दिनेश पंवार के पक्ष में मतदान करने की अपील करते ?
- फोटो : ROORKEE
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरनगर से सांसद संजीव बालियान ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश पंवार के पक्ष में खेड़ाजट्ट व लिब्बरहेड़ी गांव में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताकर विधानसभा भेजने की अपील की।
शनिवार को खेड़ाजट गांव में पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही देश में विकास करा सकती है। अन्य पार्टियां वोट लेकर जनता को धोखा देने का काम करती हैं। इस बार मंगलौर विधानसभा से दिनेश पंवार को जिताकर भेजना होगा ताकि क्षेत्र का विकास हो सके। 20 वर्षों में बसपा व कांग्रेस ने मंगलौर क्षेत्र का विकास नहीं कराया है। भाजपा ने देश में विकास किया है और भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो विकास करने में विश्वास रखती है। खेड़ाजट के बाद उन्होंने लिब्बरहेड़ी में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सभी लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। भाजपा प्रत्याशी दिनेश सिंह पंवार ने कहा कि उनका क्षेत्र चिकित्सा सुविधाओं एवं रोजगार के साधनों को लेकर पिछड़ा हुआ है। जनता का आशीर्वाद मिला तो विकास की योजनाएं स्थापित की जाएंगी। इस अवसर पर सुशील राठी, सुभाष कत्याल, डॉ. मधु सिंह, राजीव राणा, अरुण लोहान, प्रभात चौधरी, नागेंद्र कुमार, सोनू धीमान, अंकित कपूर आदि मौजूद रहे।