दुकान की चौकीदार करने वाले व्यक्ति ने सो रही मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर दी। उसकी यह हरकत कंट्रोल रूम में तैनात महिला सिपाही ने सीसीटीवी कैमरे में देख ली और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश और पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित नगर निगम पुल पर भीख मांगकर गुजारा करने वाले कई परिवार झुग्गी बनाकर रहते हैं। यहां एक सात साल की बच्ची मां के साथ रात में सो रही थी। इस बीच पास स्थित दुकान पर रात में चौकीदारी करने वाला व्यक्ति बच्ची के पास पहुंचा और अश्लील हरकतें करने लगा। कोतवाली में बने पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात महिला सिपाही ने पुल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चौकीदार की हरकतें देख ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी सलीम निवासी पठानपुरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बच्ची का मेडिकल कराया गया है। वहीं, महिला सिपाही की सूझबूझ से बड़ी घटना बच गई। पुलिस अधिकारियों ने महिला सिपाही की प्रशंसा की है।