फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब पुलिस ने गाड़ी काटकर स्क्रैप और स्पेयर पार्ट्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री पकड़ी

विज्ञापन
विज्ञापन
झबरेड़ा (रुड़की)। पंजाब पुलिस ने झबरेड़ा क्षेत्र में चोरी के वाहनों को काटकर स्क्रैप और स्पेयर पार्ट्स में तब्दील करने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस फिल्मी अंदाज में पंजाब से चोरी हुए जीपीएस लगे वाहन का पीछा करते हुए फैक्टरी तक पहुंची थी, लेकिन तब तक वाहन को काटा जा चुका था। वहीं, पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए। पंजाब पुलिस चोरी के वाहन का कुछ सामान लेकर रवाना हो गई। पुलिस के अनुसार, पंजाब में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, पंजाब के रोपड़ में अजय कुमार निवासी राजस्थान की बोलेरो कैंपर शुक्रवार रात चोरी हो गई। अजय ने रोपड़ पुलिस के एएसआई खुशहाल सिंह को सूचना दी और बताया कि उनकी गाड़ी में जीपीएसी लगा है। इस पर खुशहाल सिंह कांस्टेबल प्रीतपाल और दीप सिंह के साथ गाड़ी का पीछा करने के लिए चल पड़े। जीपीएस लोकेशन के आधार पर पंजाब पुलिस झबरेड़ा क्षेत्र के खाताखेड़ी पहुंची। यहां पता चला कि एक फैक्टरी में चोरी की गाड़ियों को लाकर काटा जा रहा था। यही नहीं, रोपड़ से जो गाड़ी चोरी हुई थी, वह भी काफी हद तक काटी जा चुकी थी। एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि फैक्टरी में चोरी की दो और गाड़ियां पहुंची थीं, जिनमें से एक यूपी नंबर की थी।
यहां भारी मात्रा में गाड़ियों को काटे जाने के बाद बनाया गया स्क्रैप और स्पेयर पार्ट्स का सामान स्टोर किया गया था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फैक्टरी छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी पुहाना रोड पर अमरपुर के पास एक बिल्डिंग में रह रहे हैं। पुलिस ने यहां भी छापा मारा, लेकिन तब तक आरोपी यहां से भी भाग गए थे। एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि इस बिल्डिंग में सहारनपुर के कई लोग रहते हैं, जो फरार हो गए हैं। बिल्डिंग स्वामी से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद पंजाब पुलिस स्क्रैप का कुछ सामान कब्जे में लेकर रवाना हो गई। एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि रोपड़ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।
विज्ञापन

--
महज 12 घंटे में गाड़ी तक पहुंची पंजाब पुलिस
पंजाब पुलिस की सक्रियता की क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है। शुक्रवार रात 12 बजे पंजाब के रोपड़ में गाड़ी चोरी हुई। तुरंत गाड़ी मालिक ने रोपड़ सिटी पुलिस को सूचना दी। इस पर रोपड़ पुलिस सक्रिय हुई और गाड़ी का पीछा शुरू किया। अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे तक पंजाब पुलिस झबरेड़ा में फैक्टरी का भंडाफोड़ कर चुकी थी।
--
चंद घंटों में काट दी पूरी गाड़ी, सीट और पहिये ही बचे
फैक्टरी में चोरी की गाड़ियों को काटने का काम बेहद शातिराना अंदाज में चल रहा था। पंजाब पुलिस जब झबरेड़ा के खाताखेड़ी पहुंची, तब तक लगभग पूरी गाड़ी को गैस कटर से काटकर टुकड़ों में तब्दील कर दिया गया था। मौके से पुलिस को गाड़ी की सीट और पहिये ही मिल सके। पंजाब पुलिस के एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि फैक्टरी में रोजाना तीन से चार गाड़ियां काटी जा रही हैं। मौके पर गैस कटर, भट्ठी, टायर समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस ने चोरी कर काटने के लिए लाई गई एक वैन को कब्जे में लिया है।
--
काम आई गाड़ी मालिक की चतुराई
गाड़ी मालिक की चतुराई इस पूरे काले कारोबार के भंडाफोड़ में काम आई। दरअसल, पंजाब से चोरी हुई गाड़ी के मालिक ने न केवल उसमें जीपीएस सिस्टम लगाया था बल्कि टेप लगाकर उसे छिपा दिया था ताकि चोरों की नजर उस पर न पड़े। इसी के चलते पंजाब पुलिस को फैक्टरी पहुंचने में आसानी हुई।
--
नहीं बचेगा मकान मालिक, दर्ज कराएंगे मुकदमा
एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि जिस मकान में आरोपी रह रहे हैं, उसके मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। क्योंकि, यह नहीं माना जा सकता कि मकान मालिक को पता ही न हो कि वह जिसको अपना मकान किराये पर दे रहा है, वह ऐसा काम हो रहा है। मकान मालिक ने किरायानामा भी दिखाया है, लेकिन इन किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया गया है, जो यह साबित करता है कि पैसों के लालच में अवैध कारोबार को जानबूझकर बढ़ावा दिया जा रहा था।
--
पंजाब से पहुंची पुलिस तो स्थानीय पुलिस का क्या काम
पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरत की बात यह है कि इकबालपुर पुलिस चौकी से करीब एक किमी की दूरी पर दिन-रात चोरी की गाड़ियों को काटने का काम चल रहा था तो यह कैसे संभव है कि स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। पुलिस रात में गश्त भी करती है तो भी फैक्टरी में होने वाली आवाज और अन्य गतिविधियों पर स्थानीय पुलिस का ध्यान क्यों नहीं गया। वहीं, पंजाब पुलिस के एएसआई खुशहाल सिंह का कहना है कि स्थानीय पुलिस को अपने यहां भी सामान जब्त कर मुकदमा दर्ज करना चाहिए, लेकिन स्थानीय पुलिस बच रही है। वहीं, इकबालपुर चौकी प्रभारी मोहन कठैत ने बताया कि अभी जांच चल रही है। दूसरा, यह क्षेत्र गंगनहर कोतवाली के अंतर्गत आता है। फिर भी घटनास्थल के पुलिस चौकी के ज्यादा नजदीक होने के चलते जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
--
खाताखेड़ी में पकड़ी गई स्क्रैप और स्पेयर पार्ट्स की अवैध फैक्टरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं लग पाई, इसका भी संज्ञान लिया जाएगा।
विज्ञापन

-प्रमेंद्र डोबाल, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें