कलियर हज हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते वार्ता हज समिति अध्यक्ष शमीम आलम व अन्य।
- फोटो : ROORKEE
पिरान कलियर (रुड़की)। उत्तराखंड हज हाउस में छात्रों को आईएएस और पीसीएस समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। हज समिति के अध्यक्ष शमीम आलम की अध्यक्षता में आयोजित हज समिति की बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया। बोर्ड बैठक में कुल 11 प्रस्तावों पर मुहर लगी।
शनिवार को पिरान कलियर स्थित हज हाउस में आयोजित बोर्ड बैठक में राज्य हज समिति के लिए सरकारी वाहन और फोटो स्टेट मशीन खरीदे जाने, हज हाउस में आईएएस और पीसीएस व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग देने, हज हाउस में पंखे लगवाने, 2022 की हज यात्रा पर विचार विमर्श, हज हाउस में रंगरोगन व सौंदर्यीकरण सहित 11 प्रस्ताव पास किए गए। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में समिति के अध्यक्ष शमीम आलम ने बताया कि वक्फ बोर्ड के निरीक्षक मोहम्मद अली वर्ष 2019 में स्टेट हज कमेटी के खादिम उल हुज्जाज (सेवादार) के पद पर रहते हुए तथ्य छिपाकर हज यात्रा पर गए थे। स्टेट हज कमेटी इसमें खर्च हुई धनराशि वसूल करेगी।
साथ ही उनके खिलाफ केस दर्ज भी कराया जाएगा। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड निष्क्रिय है और वह कोई फैसला नहीं ले सकते। वक्फ बोर्ड में हो रहे गलत कार्यों को रोका जाएगा। इस बारे में मुख्यमंत्री से बात हुई है। उन्होंने कहा कि भूमाफिया जो कब्रिस्तान या वक्फ की भूमि को खुर्द बुर्द कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी मोहम्मद मिशम, हाफिज असलम कादरी, सफीक अहमद, फुरकान अंसारी, इस्लाम अहमद, सत्तार अंसारी, अब्दुल कादिर, शाहिद, इजहार मौजूद रहे।