झबरेड़ा। सड़क हादसे में दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन के भतीजे के मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जानकारी ली। वहीं, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बाल्लुपुर निवासी सौरभ कुमार (25) दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन चौधरी केहर सिंह के भतीजे थे। वह भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक दवा फैक्टरी में नौकरी करते थे। बृहस्पतिवार रात ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि खेलपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सौरभ ने दम तोड़ दिया। सौरभ की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव गांव ले गए। शुक्रवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भाई ने भगवानपुर थाने में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।