बुग्गावाला क्षेत्र के अमानतगढ़ बार्डर पर देहरादून कूच कर रहे किसानों को पुलिस द्वारा रोका गया।
- फोटो : ROORKEE
मुबारिकपुर तौल केंद्र पर गन्ना तौल न होने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही उत्तराखंड किसान मोर्चा के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और किसानों के समर्थन में प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में गन्ना प्रबंधक ने किसानों को 24 घंटे के अंदर तौल शुरू करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसान शांत हुए।
लक्सर चीनी मिल प्रबंधन ने देहात के केंद्रों पर नौ नवंबर से गन्ना तौल शुरू करा दिया है जबकि मिल गेट पर 11 नवंबर से तौल शुरू हो चुकी है। लादपुर के तौल केंद्र पर लादपुर, जैनपुर, मुबारिकपुर, मोहम्मदपुर बुजुर्ग कासमपुर नवादा और मखियाली खुर्द गांव के करीब 400 किसान गन्ना डालते थे। तीन दिन पहले यह केंद्र बदलकर मुबारिकपुर में कर दिया गया था। रविवार से केंद्र पर बाबू न होने से तौल नहीं हो रही है। ऐसे में गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसान वापस लौट रहे थे।
सोमवार को भी तौल न होने पर किसानों ने हंगामा कर दिया। साथ ही इसकी सूचना उत्तराखंड किसान मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी मोनू प्रधान को दी। उकिमो कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मिल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर मिल से गन्ना विभाग के अधिकारी बृजेंद्र राठी मौके पर पहुंचे और 24 घंटे में तौल शुरू कराने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया। इस दौरान प्रधान सतवीर, सुधीर पंवार, अमृतपाल सिंह, सतवीर झबरेड़ी, मुन्नू चौधरी, नरेंद्र चौधरी, गुरमीत सिंह, गुफरान आदि मौजूद रहे। मिल के गन्ना प्रबंधक पवन ढींगरा का कहना है कि किसानों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।