ऊर्जा निगम के करीब 670 उपभोक्ताओं को अपने घर, ट्यूबवेल और औद्योगिक इकाइयों पर मीटर लगने का इंतजार है। इन लोगों ने जैसे तैसे बिजली का कनेक्शन तो ले लिया, लेकिन अभी तक इनके यहां मीटर नहीं लगा है। ऐसे में ये लोग चाहकर भी बिजली का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। मीटर लगवाने के लिए लोग आए दिन ऊर्जा निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, जबकि अधिकारी मीटर खत्म होने की बाद कहकर उन्हें लौटा देते हैं।
ऊर्जा निगम में घरेलू, ट्यूबवेल या व्यवसायिक कनेक्शन लेना उपभोक्ता के लिए बड़ी चुनौती है। महीने या दो महीने में जैसे तैसे उपभोक्ता कनेक्शन के लिए पैसे जमा कर रसीद तो कटवा लेते हैं, लेकिन इसके बाद मीटर लगवाना सबसे बड़ी चुनौती है। ऊर्जा निगम की स्थिति यह है कि कनेक्शन मिल जाने के बाद भी उपभोक्ताओं के चक्कर खत्म नहीं होते। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस समय रुड़की शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में करीब 670 कनेक्शन ऐसे हैं, जिन्हें मीटर की जरूरत है। बिना मीटर के ये कनेक्शन मात्र शोपीस बने हुए हैं। शहर के सुलेमान, इकराम, मोहन, जितेंद्र गुप्ता, मनीष शर्मा, उमेश भारद्वाज और सिकंदर सिंह आदि का कहना है कि उन्हें करीब 20 दिन पहले कनेक्शन तो मिल गया था, लेकिन उनके घर पर आज तक मीटर नहीं लगा है। जब भी वे कार्यालय में मीटर की जानकारी लेने पहुंचते हैं तो अधिकारी जल्द ही मीटर आने की बात कहकर उन्हें वापस भेज देते हैं। ऐसे में उनके कामकाज ठप पड़े हैं। इनमें बहुत से लोग शामिल हैं, जिन्हें अपने ट्यूबेल या व्यवसायिक इकाइयों पर मीटर लगाना है, लेकिन मीटर नहीं लग पाने के चलते ये लोग अपना न तो कनेक्शन चला पा रहे हैं और न ही अपना काम का शुरू कर पा रहे हैं।
बिना मीटर लगाए बिजली जलाएं तो होगी चोरी
रुड़की। उपभोक्ता जैसे तैसे भागदौड़ करके एक या दो महीने में कनेक्शन तो ले लेते हैं, लेकिन कनेक्शन लेने का मतलब यह बिल्कुल नहीं कि उन्हें बिजली इस्तेमाल करने का अधिकार मिल गया। उपभोक्ता बिजली का इस्तेमाल तब तक नहीं कर सकते, जब तक उनके यहां मीटर नहीं लग जाता। यदि उपभोक्ता बिना मीटर लगाए बिजली का इस्तेमाल करते हैं तो यह चोरी की श्रेणी में आएगा। ऐसे में उपभोक्ता के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा में दर्ज हो सकता है।
डिपार्टमेंट में फिलहाल सिंगल फेस वाले मीटर तो मौजूद हैं। हालांकि थ्री फेस वाले मीटर की कमी चल रही है। इस वजह से उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगने में दिक्कत आ रही है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
-अंकिता सैनी, एई मीटर, ऊर्जा निगम
मीटर की कमी होने की जानकारी अभी मेरे पास नहीं आई है। यदि मीटर की कमी चल रही है तो मामले की जांच करवाकर नए मीटर के ऑर्डर दिए जाएंगे।
-राहुल जैन, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम