मंगलौर। पुरानी रंजिश में पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक युवक पर धारदार हथियारों और लाठी डंडों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव कुमराड़ी निवासी शाहरुख ने बताया कि उनकी गांव निवासी कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। उक्त लोग कई बार मारपीट कर चुके हैं। आरोप है कि शनिवार को उक्त लोग जबरन घर में घुस आए और गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच बचाव कराने आए परिजनों से भी मारपीट की गई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर सलमान, फिरोज, मुकर्रम, मोहतर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।