सरकारी सस्ते गल्ले के राशन की कालाबाजारी की शिकायतों को लेकर एसडीएम ने आपूर्ति व विपणन विभाग के साथ बैठक की। उन्होंने शाम पांच बजे के बाद गोदाम से राशन उठाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम वैभव गुप्ता को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि लक्सर क्षेत्र के राशन डीलरों द्वारा पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) का राशन उपभोक्ताओं को देने के बजाय बाजार में बेचा जा रहा है। इसे देखते हुए एसडीएम ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ विपणन निरीक्षक गुलाब सिंह रावत, विपणन निरीक्षक कुलदीप सिंह व आपूर्ति निरीक्षक ममता ग्वाड़ी के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। एसडीएम ने कहा कि एसएमआई गोदाम से डीलर अक्सर देर शाम आठ नौ बजे तक राशन उठा रहे हैं। साथ ही गोदाम से मिले राशन को छोटी गाड़ियों में लादकर कई चक्कर में अपनी दुकान पर ले जा रहे हैं। इससे राशन की कालाबाजारी होने की संभावना बन रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि गोदाम से शाम पांच बजे के बाद किसी भी राशन डीलर को गेहूं या चावल नहीं दिया जाए। साथ ही डीलर का सारा राशन बड़ी गाड़ी से एक ही चक्कर में गांव की दुकान तक पहुंचे। एसडीएम ने कहा कि आपूर्ति निरीक्षक या फिर हल्का लेखपाल से पुराने राशन के वितरण का सत्यापन कराने के बाद ही डीलर को एसएमआई गोदाम से अगले महीने का राशन दिया जाए।