सुल्तानपुर। पंचेवली गांव निवासी एक विवाहिता की हत्या के आरोप में फरार चल रहे परिवार के तीन लोगों को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी पति को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
रणजीतपुर जसपुर गांव निवासी ओमप्रकाश की पुत्री संगीता का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व पंचेवली गांव निवासी जोगेंद्र कुमार के साथ हुआ था। 10 नवंबर 2015 को ससुराल में ही संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। संगीता के ससुराल वालों ने उसके परिजनों को बिना बताए संगीता का अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके बाद संगीता के पिता ओमप्रकाश ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए उसके पति जोगेंद्र कुमार सहित परिवार के तीन अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उसके पति जोगेंद्र कुमार को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी ध्वजवीर सिंह पंवार ने बताया कि संगीता की हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे एक ही परिवार के तिलकराम, मांगेराम, प्रेमचंद निवासी पंचेवली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।