मछरेहटा थाने के पास सोमवार दोपहर एक होटल में आग लगने से 20 हजार का नुकसान हो गया, वहीं हरगांव के सिकंदराबाद गांव में घर में आग लगने से एक लाख की संपत्ति का नुकसान हो गया। इसी तरह शहर कोतवाली क्षेत्र के खजुरिया गांव में एक घर में आग लगने से करीब 30 हजार रुपये कीमत का सामान जल गया।
मछरेहटा इलाके के पेरिया कोड़र गांव निवासी दीपक कुमार दीक्षित का थाने के सामने होटल है। सोमवार दोपहर होटल में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। इससे होटल में रखा तख्त, बेंच, घी, तेल समेत करीब बीस हजार रुपये कीमत का सामान जल गया। स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
इसके अलावा हरगांव इलाके के सिकंदराबाद गांव निवासी बुद्धा के घर में सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आसपास के लोगों ने मिलकर आग बुझानी शुरू की मगर तब तक लपटों ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। इस बीच लोगों ने फायर स्टेशन पर सूचना दी तो कुछ देर में अग्निशमन कर्मी दमकल लेकर मौके पर पहुंच गए।
कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया। अग्निकांड में करीब एक लाख रुपये की संपत्ति जल गई। इसके अलावा शहर कोतवाली क्षेत्र के खजुरिया गांव में बीनू शर्मा के यहां सोमवार को बांस में आग लगने के कारण घर में आग लग गई। इससे साइकिल, ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर समेत करीब 30 हजार रुपये कीमत का सामान जल गया।