रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के खटका गांव में एक पति शराब के नशे में हैवान बन गया। पत्नी को बुरी पीटने पर बीच बचाव कराने आए अपने भाई का सिर भी फोड़ डाला। पड़ोसियों की सूचना पर मायके वाले विवाहिता को लेकर कोतवाली पहुंचे तो उसके जख्म देखकर पुलिसकर्मियों के रोंगटे खड़े हो गए। वहीं कान्हापुर में भी एक पति ने मारपीट कर पत्नी को घर से निकाल दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
खटका गांव निवासी युवक की शादी चार साल पहले नजीबाबाद बिजनौर की युवती से हुई थी। कुछ दिन से युवक को शराब की लत लग गई। शराब पीकर घर पहुंचने पर युवक अपनी पत्नी को बुरी तरह पीटता है। मंगलवार को भी आरोपी ने पत्नी को पीट पीटकर घायल कर दिया। बीच बचाव कराने आए अपने भाई का सिर भी फोड़ डाला। इसके बाद उसके भाइयों ने मिलकर उसकी जमकर धुनाई की। पड़ोसियों ने इसकी सूचना विवाहिता के मायके वालों को दी।
बुधवार को मायका पक्ष खटका गांव पहुंचा और सिविल लाइंस कोतवाली में दामाद के खिलाफ तहरीर दी। विवाहिता के जख्म देखकर पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गए। विवाहिता ने पति के साथ रहने से साफ इनकार दिया। वहीं कान्हापुर गांव में भी एक पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देकर आपबीती सुनाई। एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि दोनों मामले की जांच की जा रही है, पूछताछ के लिए दोनों पीड़ित महिलाओं के पति को कोतवाली बुलाया गया है।