रुड़की। पिकअप सवार चार-पांच लोगों ने एक रोडवेज बस चालक और परिचालक को जमकर पीटा। आरोपी बस की स्टेपनी को अपनी पिकअप गाड़ी में लेकर फरार हो गए।
चालक परिचालक ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस मंगलवार को हरिद्वार से मुजफ्फरनगर जा रही थी। बेलड़ी गांव के समीप स्टेपनी के बोल्ट खुल गए और सड़क पर गिर गई। पीछे से आ रही पिकअप स्टेपनी से टकरा गई। इससे पिकअप में थोड़ी सी क्षतिग्रस्त हो गई। बस चालक को स्टेपनी निकलने का पता चला हो उसने कुछ दूर जाकर बस रोक ली। पिकअप सवार भी बस के पास पहुंच गए और चालक दीपक निवासी बागपत को पकड़ लिया और उससे गाड़ी में हुए नुकसान का मुआवजा मांगने लगे। उसने बताया कि उसके पास रुपये नहीं है।
इस पर पिकअप सवार लोगों ने चालक से मारपीट शुरू कर दी। परिचालक बीच बचाव को आया तो उसे भी पीटा। चालक-परिचालक ने स्टेपनी को बस में रखवाया। पिकअप सवार लोगों ने स्टेपनी को बस से उतार लिया और पिकअप में रखकर वहां फरार हो गए। रुड़की पहुंचकर चालक दीपक और परिचालक बृजेश ने कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।